कोलकाता: भारतीय टी-20 टीम से बाहर होने के बाद पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में धमाकेदार अंदाज में वापसी की है। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ महज 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन ठोक दिए। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत मुंबई ने 173 रन का लक्ष्य सिर्फ 13.1 ओवर में हासिल कर लिया। मुंबई ने यह मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया और 41 गेंद रहते जीत दर्ज की।

हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 172 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। अंगकृष रघुवंशी ने 13 गेंदों पर 27 रन बनाए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
21 गेंदों में 60 रन बनाए

सूर्या ने अपनी 21 गेंदों की नाबाद पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 285.71 रहा। उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए और मुंबई को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सूर्यकुमार के अलावा मुशीर खान ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 24 गेंदों पर 51 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के निकले। मुशीर ने 212.50 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। हार्दिक तामोरे ने 16 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। शिवम दुबे 5 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। सूर्या और दुबे ने मिलकर मुंबई को 13.1 ओवर में 174 रन तक पहुंचा दिया।
हैदराबाद के लिए अभिरथ रेड्डी ने 35 रन बनाए

पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। अभिरथ रेड्डी ने 24 गेंदों पर 35 रन बनाए। कोडिमेला हिमतेजा ने 16 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली। चामा वी मिलिंद ने 12 गेंदों पर 22 रन बनाए, जबकि प्रणव वर्मा ने 14 गेंदों पर 18 रन का योगदान दिया। मुंबई की ओर से मैक्सवेल स्वामीनाथन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए। शिवम दुबे ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। अथर्व अंकोलेकर ने भी 2 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया। शार्दुल ठाकुर को एक सफलता मिली।