पाकिस्तान समेत 18 इस्लामी देशों ने बयान जारी कर ग़ज़ा पट्टी के ख़ान यूनिस में नासिर मेडिकल कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाकर किए गए इसराइली हवाई हमले की कड़ी निंदा की है.

क़तर के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

बयान के मुताबिक, इस संयुक्त बयान पर क़तर, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इंडोनेशिया, पाकिस्तान, तुर्की, अल्जीरिया, जिबूती, सऊदी अरब, सूडान, सोमालिया, ओमान, फ़लस्तीन, कुवैत, लेबनान, लीबिया, मिस्र और मॉरिटानिया के विदेश मंत्रियों ने हस्ताक्षर किए हैं.

बयान के मुताबिक, इसराइली हवाई हमले में मरीज़ों और मेडिकल स्टाफ़ के लोग हताहत हुए हैं. इन देशों ने इसे अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून का उल्लंघन बताया, जिसके तहत चिकित्सा केंद्रों और स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष सुरक्षा दी गई है.

इन 18 देशों के विदेश मंत्रियों ने फ़लस्तीनी नागरिकों पर इसराइल के लगातार हमलों की भी निंदा की है. इनमें विस्थापित लोगों के रहने के लिए बनाए गए टेंट और दूसरी जगहों को निशाना बनाना भी शामिल है.

बयान के मुताबिक़, ऐसे हमले युद्धविराम समझौते और ग़ज़ा पट्टी में सुरक्षा और स्थिरता बहाल करने की कोशिशों को कमज़ोर करते हैं. ये अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापक योजना के भी अनुरूप नहीं हैं.