मैड्रिड: फुटबॉल मैच के दौरान जानलेवा टैकल करने वाले गोलकीपर जीसस ओवोनो पर 12 मैच का बैन लगा दिया गया है। स्पेनिश फेडेरेशन ने यह कड़ा फैसला सुनाया है। जीसस ओवोनो ने मैदान पर जीसस डी मिगुएल के खिलाफ जानलेवा टैकल किया था। ओवोनो का पैर मिगुएल की छाती से टकराया था। इस घटना में 30 वर्षीय मिगुएल की मौत हो गई थी। घटना के 11 दिन बाद स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन ने 12 मैच का बैन लगाया और इसे अधिकतम सजा बताया है। ओवोनो पर आरोप है कि उन्होंने गेंद को रोकने की कोशिश में विरोधी खिलाड़ी को जरूरत से ज्यादा जोर से टक्कर मारी थी।

यह घटना 2 नवंबर को स्पेन की सेकंड डिवीजन लीग में सीडी टेनेरिफ और एफसी अंडोरा के बीच मैच में हुई। मैच 2-2 की बराबरी पर था। इंजरी टाइम के दौरान टेनेरिफ के स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल गेंद का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान अंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो अपना गोल छोड़कर गेंद को रोकने के लिए आगे आए।
मैदान में ही बेहोश हो गए थे मिगुएल

गेंद के लिए दोनों खिलाड़ियों के बीच टक्कर हुई। इस दौरान ओवोनो का पैर डी मिगुएल के सीने से जा टकराया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि डी मिगुएल मैदान पर ही बेहोश हो गए। रेफरी ने ओवोनो को रेड कार्ड दिखाया। मेडिकल टीम ने तुरंत खिलाड़ी को संभाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

नहीं बच सकी खिलाड़ी की जान

डी मिगुएल को गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्हें कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट हुआ था और उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। 3 नवंबर की सुबह अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वह 30 साल के थे। इस दुखद घटना के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच आगे खेलने से इनकार कर दिया। मुकाबला 2-2 के स्कोर पर रोक दिया गया। घटना से स्पेनिश फुटबॉल जगत में शोक की लहर फैल गई। कई बड़े क्लबों और खिलाड़ियों ने डी मिगुएल को श्रद्धांजलि दी।
फेडरेशन ने सुनाई अधिकतम 12 मैचों की सजा

स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन की अनुशासन समिति ने 13 नवंबर को ओवोनो के खिलाफ कार्रवाई की। उन्हें 12 मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया। यह फेडरेशन के अनुशासनात्मक नियमों के आर्टिकल 102 के तहत अधिकतम सजा है। समिति ने रेफरी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ओवोनो ने गेंद के लिए चुनौती देते समय पैर ऊपर उठाया और अत्यधिक ताकत का इस्तेमाल किया। समिति ने घटना की गंभीरता और इसके दुखद परिणाम को देखते हुए अधिकतम प्रतिबंध लगाने का फैसला किया।

ओवोनो बोले- जिंदगी के सबसे मुश्किल दिन

इस घटना के बाद ओवोनो भी गहरे सदमे में हैं। उन्होंने डी मिगुएल की मौत पर दुख जताते हुए कहा था कि वह अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिनों से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास इस घटना को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर करने के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने डी मिगुएल के परिवार और उन्हें चाहने वाले लोगों के प्रति संवेदना भी जताई। घटना के बाद ओवोनो इक्वेटोरियल गिनी की राष्ट्रीय टीम से भी हट गए थे। एफसी अंडोरा के कोच कार्लेस मानसो ने कहा कि क्लब गोलकीपर को इस मुश्किल दौर से उबरने के लिए समय और स्पेस देगा।

पुलिस ने भी शुरू की थी जांच

इस घटना के बाद स्पेन की पुलिस ने संभावित गैर-इरादतन हत्या के मालमे में जांच शुरू की थी। हालांकि, यह जांच और फुटबॉल फेडरेशन की अनुशासनात्मक कार्रवाई अलग-अलग एक्शन हैं। 12 मैचों का प्रतिबंध फुटबॉल फेडरेशन का फैसला है।