भोपाल। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के क्रम में बिहार सांस्कृतिक परिषद द्वारा सरस्वती देवी मंदिर छठ घाट, बरखेड़ा, भोपाल में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को छठव्रती श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए घाट परिसर के पांचों कुंडों में नर्मदा जल भर दिया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्राचीन कुएं के समीप स्नान के लिए शावर तथा वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। शनिवार को सैकड़ों छठव्रती श्रद्धालुओं ने स्नान कर विधि-विधान से खरना का पर्व सम्पन्न किया।

परिषद के संयोजक एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री सतेन्द्र कुमार ने बताया कि छठ महापर्व के दूसरे दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर संध्याकाल में सात्विक खीर (रसिया), हाथ से बनी रोटी, चावल का पीठा, गाय का दूध एवं चना दाल आदि से खरना का प्रसाद तैयार करते हैं। छठी मैया की आराधना एवं भगवान भास्कर की उपासना के पश्चात प्रसाद अर्पित कर खरना सम्पन्न किया जाता है।

मान्यता के अनुसार खरना के साथ ही छठी मैया का आगमन होता है और इसके पश्चात 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ हो जाता है।

छठ पूजा की समस्त तैयारियां मध्यप्रदेश शासन की मंत्री एवं परिषद की संरक्षक श्रीमती कृष्णा गौर, नगर निगम महापौर श्रीमती मालती राय तथा जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार की जा रही हैं।

स्वच्छता अभियान एवं आयोजन की तैयारियों में सूर्य कुमार सिंह, संजीव कुमार, संजय साह, रामनंदन सिंह, एस.के. चौधरी, अरुण सिंह, राकेश सिंह, कमलेश सिंह, राजकुमार प्रसाद, कृष्ण कुमार, अक्षय कुमार, विकास कुमार, दिनेश सिंह, आयुष चौधरी, शुभम पाठक सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

पारण के अवसर पर परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा व्रतियों के लिए गाय का कच्चा दूध, गर्म दूध, चाय एवं कॉफी की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।

भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजेगा छठ घाट

आयोजन के दौरान छठी मैया के जयघोष, पारंपरिक लोकगीत, पद्य गायन एवं भजन संध्या से पूरा छठ घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 नवंबर को सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक तथा 16 नवंबर को प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।

बिहार एवं पूर्वांचल की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत करने के उद्देश्य से पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भोजपुरी साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से पटना की लोकप्रिय गायिका श्रीमती रीना कुमारी एवं उनके म्यूजिकल ग्रुप द्वारा दी जाएगी।

इसके साथ ही बिहार सांस्कृतिक परिषद की पहल पर स्थानीय कलाकारों द्वारा महापर्व छठ की कथा, पारंपरिक गीत एवं पूजा-विधान की प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता का संचार करना है।

यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशिता, सांस्कृतिक सौहार्द एवं आपसी सद्भावना का भी प्रतीक है। परिषद द्वारा समस्त श्रद्धालुओं, व्रतियों एवं नागरिकों से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की विनम्र अपील की गई है।

प्रकृति, पर्यावरण एवं स्वच्छता का संदेश देता है छठ महापर्व

आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री सतेन्द्र कुमार ने बताया कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक आत्मा एवं भारतीय लोक परंपरा की सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्ति है। यह पर्व आज सभी वर्गों एवं समुदायों को आपस में जोड़ने वाला लोक आस्था का महापर्व बन चुका है।

छठ महापर्व प्रकृति प्रदत्त संसाधनों एवं वस्तुओं पर आधारित होने के कारण प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का महत्वपूर्ण संदेश देता है। यह पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने तथा सामाजिक एकता एवं समरसता को मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है।

भोपाल में सामूहिक छठ पूजा की शुरुआत भेल में कार्यरत बिहार एवं पूर्वांचल के लोगों ने की थी

छठ : वर्ष 1958 में भेल में कर्मचारियों के चयन के साथ भोपाल में बिहार एवं पूर्वांचल के लोगों का आगमन हुआ। 100 साल पुराने कुएं से शुरू हुआ सामूहिक पूजन, 1983 में बना पहला पक्का कुंड, आज पांच कुंडों पर लगता है आस्था का मेला।

भोपाल में छठ पूजा आज विराट लोक उत्सव बन चुकी है। यहां भोजपुरी, मगही, मैथिली और पूर्वांचली समाज के करीब 3 लाख लोग 64 से अधिक घाटों पर अर्घ्य अर्पित करते हैं। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि इसकी शुरुआत 1960 के आसपास बरखेड़ा क्षेत्र के एक छोटे से कुएं से हुई थी।

वर्ष 1958 में जब भेल में कर्मचारियों का चयन हुआ तो भोजपुरी, मगही एवं मैथिली भाषी समाज के अनेक लोग चयनित होकर कारखाने में सेवारत हुए। विभिन्न राज्यों के साथ बिहार एवं पूर्वांचल के लोग भी यहां आकर बसे। उस समय आवागमन के साधन बेहद सीमित थे और पर्व पर अपने पैतृक गांव जाना मुश्किल होता था।

बिहार सांस्कृतिक परिषद के संयोजक श्री सतेन्द्र कुमार बताते हैं कि श्रद्धालु बरखेड़ा ई-सेक्टर स्थित सरस्वती मंदिर परिसर के करीब 100 साल पुराने कुएं से पानी लेकर अर्घ्य अर्पित करते थे। पास में बहने वाले प्राकृतिक जलस्रोत एवं नहर में भी पूजा होती थी, जो बाद में नाला बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी... तब जुटते थे गिनती के लोग

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वर्ष 1983 में यहां पहला पक्का कुंड बनाया गया। वर्ष 1958 में भोपाल आए अनंत साहू बताते हैं कि उन्होंने 1960 में कुएं के समीप बहने वाले जलस्रोत में छठ पूजा होते देखी थी। वर्ष 1975 से यहां रह रहीं शिला सिंह ने बताया कि उन्होंने पहली बार नवनिर्मित कुंड पर छठ पूजा की थी। उस समय गिनती के लोग ही जुटते थे।

वहीं, वर्ष 1978 में भोपाल पहुंचे मनोज पाठक बताते हैं कि उन्होंने बरखेड़ा क्षेत्र में इस महापर्व को कुओं की परंपरा से लेकर भव्य कुंडों के निर्माण तक विस्तार पाते देखा है। आज इसी सरस्वती मंदिर परिसर में पांच बड़े और पक्के कुंड आस्था का प्रमुख केंद्र हैं।

आज 10-12 संगठन सक्रिय

वर्ष 1960 में गठित बिहार सांस्कृतिक परिषद ने सबसे पहले कर्मचारियों और प्रवासियों को एक गैर-राजनीतिक मंच पर एकजुट किया। आज शहर में भोजपुरी, मैथिली और मगही समाज के 10 से 12 से अधिक पंजीकृत सामाजिक संगठन छठ घाटों की तैयारियों और व्यवस्थाओं में सक्रिय हैं।

सरस्वती मंदिर छठ घाट सहित भोपाल में 64 से अधिक घाट एवं कुंड तैयार हैं। शहर की विभिन्न कॉलोनियों के पार्कों में भी पक्के एवं अस्थायी कुंड बनाकर श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।