विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर ज़्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई है.
इनमें टैरिफ़ से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि बातचीत के ज़रिए बाकी बचे मुद्दों को सुलझाने की कोशिश जारी है और समझौते को जल्द अंतिम रूप दिया जा सकता है.
एचटी लीडरशिप समिट में विदेश मंत्री ने कहा कि बातचीत अब अपने "अंतिम चरण" में पहुंच रही है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जयशंकर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेरिका जा सकते हैं.
इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात भी हो सकती है. दोनों नेता इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक दिशा और व्यापार समझौते पर हुई प्रगति की समीक्षा कर सकते हैं.