वॉशिंगटन: अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देश भर में फ्लाइट पर लगे ग्राउंड स्टॉप को हटा दिया है। अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने कहा कि अमेरिकी हवाई क्षेत्र को अब खोल दिया गया है। इसके बाद हवाई अड्डों से उड़ानें एक बार फिर से शुरू हो गई हैं। FAA ने एक बड़े टेलीकम्युनिकेशन आउटेज के बाद देश पर उड़ानों को ग्राउंड स्टॉप कर दिया था। इसका असर देश भर में 11000 से ज्यादा फ्लाइट पर पड़ा।
FAA ने एक बयान में कहा, सभी घरेलू उड़ानों के लिए लागू किया गया देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप हटा लिया गया है। अमेरिकी गृह मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि चीजें सही दिशा में बढ़ती दिख रही हैं। वॉइट हाउस में परिवहन मंत्री शॉन डफी के साथ प्रेस से बात करते हुए मुलिन ने जोर देकर कहा कि सिस्टम ठप होने के पीछे "कोई साइबर हमला नहीं था।"
आम जनता को नहीं था खतरा
वॉइट हाउस में मुलिन ने जोर देकर कहा कि पूरे देश में लगाए गए ग्राउंड स्टॉप के दौरान आम जनता को कोई खतरा नहीं था। उन्होंने कहा कि यह कदम अत्यधिक सावधानी बरतने के लिए उठाया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस रोक का गुरुवार को हुए माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से कोई संबंध नहीं है।
मैं फिर से दोहराना चाहता हूं कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आम जनता को कभी कोई खतरा नहीं था। किसी की जान को कोई जोखिम नहीं था और न ही कोई उड़ान खतरे में थी। FAA ने स्थिति को संभाल लिया। हमने यह कदम बस अत्यधिक सावधानी बरतने के लिए उठाया था।
मार्कवेन मुलिन, अमेरिकी गृह मंत्री
साइबर हमले का कोई सबूत नहीं
होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (गृह विभाग) के मंत्री ने पत्रकारों को बताया कि ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे लगे कि यह कोई साइबर हमला था। उन्होंने कहा, "हमें सिस्टम में सेंध लगाने वालों के कोई निशान या उनकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली है। ऐसा लगता है कि यह कोई तकनीकी खराबी थी।" हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि अभी जांच चल रही है, इसलिए इस संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया जा रहा है।
ग्राउंड स्टॉप के समय हवा में थे 3500 विमान
परिवहन मंत्री शॉन डफी ने वॉइट हाउस में ब्रीफिंग के दौरान कहा कि शुक्रवार दोपहर को जब ग्राउंड स्टॉप को लागू किया गया. उस समय 3500 से ज्यादा विमान हवा में थे। उन्होंने कहा," हमारे 3500 से ज्यादा विमान हवा में थे। सभी विमानों के साथ संपर्क किया गया। पिछली बार मैंने जब स्थिति देखी, तो एयरस्पेस में 400 से कम विमान बचे थे।"