• गौरव खरे -

निवाड़ी। देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती 14 नवंबर को जिला कांग्रेस कार्यालय निवाड़ी में बाल दिवस के रूप में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश यादव सहित कांग्रेस परिवार के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेहरू जी ने स्वतंत्रता के बाद देश को विकास, शिक्षा, विज्ञान और आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण ही उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शिक्षा, विज्ञान, औद्योगिक विकास और राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी। नेहरू जी का मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर भविष्य में ही राष्ट्र की उन्नति निहित है। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों, आदर्शों और देश के प्रति समर्पण को आत्मसात करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करें। उनके योगदान को देश सदैव याद रखेगा।

इस अवसर पर जिला संगठन महासचिव संतोष शर्मा, पूर्व चेयरमैन रमेश निराला, जिला उपाध्यक्ष अनूप बड़ोनिया, ब्लॉक अध्यक्ष निवाड़ी दीपक बरार, ब्लॉक अध्यक्ष तरीचर धीरेन्द्र सिंह परमार, जिला महासचिव धीरेन्द्र खरे, सतीश घोष, लखन पटेल, नगर अध्यक्ष रवि दांगी, मनोज दांगी, आशीष दांगी, अच्छेलाल कुशवाहा, लक्ष्मण अहिरवार, हनी खान, रिक्की चांदोरिया, राज खान, परम आदिवासी, सूरज प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन नेहरू जी के बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।