नामी अंग्रेजी कवि, कला समीक्षक और सांस्कृतिक विचारक रंजीत होसकोटे का मानना है कि डिजिटल दौर में पढ़ने की संस्कृति खत्म नहीं हुई है, बल्कि नए रूप में सामने आ रही है। साहित्य अकादमी गोल्डन जुबली अवॉर्ड और साहित्य अकादमी अनुवाद पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजे जा चुके रंजीत हाल ही में सिक्किम आर्ट्स एंड लिटरेचर फेस्टिवल (SALF) में साहित्य प्रेमियों से रूबरू हुए। उनसे कात्यायनी उप्रेती की बातचीत :

क्या मानते हैं कि सोशल मीडिया, रील्स और छोटी-छोटी पोस्ट के दौर में साहित्य को खतरा है?
हर दौर में पढ़ने के तरीके अलग-अलग होते हैं। मोड बदले हैं, पहुंच भी बदली है। आज लोग इंस्टाग्राम के रिकमेंडेशन या तमाम तरह के ऑनलाइन मीडिया के जरिए साहित्य तक ज्यादा पहुंचते हैं। और साहित्य तकनीक के कई बदलावों के बावजूद बचा रहा है, चाहे वह पत्थर पर लिखा गया हो, पार्चमेंट पर, प्रिंट में या डिजिटल माध्यम पर, इसलिए साहित्य किसी खतरे में नहीं है। लेकिन, मुझे लगता है कि साहित्य की स्थापित परंपरा और नई पीढ़ी के बीच निरंतरता कहीं टूट रही है। जैसे जब हम बच्चे थे, तब हमें पता होता था कि कौन-सी महान किताबें हैं। सहमत हों या नहीं, उन किताबों को पढ़ते थे। फिर या तो वे पसंद आती थीं या आप उनकी आलोचना करते थे। अब वो साझा समझ टूट रही है। इससे पाठक थोड़ा भटकाव महसूस करता है। उन्हें पता नहीं होता कि वह किस चीज के खिलाफ राय बना रहा है।
तो क्या नई पीढ़ी में पढ़ने की आदत कम हो रही है?
यह पहली ऐसी पीढ़ी है, जो पूरी तरह डिजिटल दुनिया में बड़ी हो रही है। लेकिन, मैं इसे साहित्य के खत्म होने की कहानी नहीं मानता। बच्चे दोनों दुनिया में रहते हैं। डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार के बीच उनमें ठहराव भी है। मैं ऐसे बच्चों को जानता हूं, जो 11-12 साल के हैं और प्रिंट में किताबें पढ़ते हैं। मुझे लगता है कि यह पीढ़ी अलग-अलग तरीकों के साथ सहजता से पढ़ने का कौशल विकसित कर लेगी। वे इंस्टाग्राम की दुनिया का हिस्सा भी हो सकते हैं और उससे बाहर निकलकर किताबें भी पढ़ सकते हैं। वे जिंदगी की तेज रफ्तार में धीमे होकर भी पढ़ सकते हैं, इसलिए मैं निराशावादी नहीं हूं। साहित्य महोत्सवों में भी पिछले एक-दो साल में मैंने बड़ी संख्या में युवाओं को आते देखा है। इससे उम्मीद बंधती है। मुझे नहीं लगता कि पढ़ने का कल्चर खत्म हो गया है, वह बस नए अवतार में सामने है। हमें इस पीढ़ी पर भरोसा करना चाहिए।
क्या सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों ने साहित्य और कविता को ज्यादा लोकतांत्रिक बनाया है?
एक नजरिए से... ऐसा होना भी चाहिए। हालांकि लोकतंत्रीकरण में भी एक तरह की संरचना जरूरी होती है, इसका मतलब अराजकता नहीं है। मुझे लगता है कि भारत में जिस चीज की कमी है, वह है एक ऐसी सुसंगत आलोचनात्मक संस्कृति, जिसके फैसलों पर आप भरोसा कर सकें।

दुनियाभर में हम Gen-Z के प्रोटेस्ट देख रहे हैं। क्या प्रदर्शन भी रचनात्मकता को नए रूप दे रहे हैं?
मुझे यह देखकर खुशी होती है कि रचनात्मक कल्पनाशीलता का एक नया रूप सामने आ रहा है। इस समय जो रूप बन रहे हैं, वे अभी शुरुआती दौर में हैं। आगे देखना होगा कि वे किस तरह विकसित होते हैं और कितने समय तक टिकते हैं। लोकतंत्र की बुनियाद आजादी पर टिकी है और इसे कोई बदल नहीं सकता।

साहित्य और अनुवाद के क्षेत्र में AI को आप किस तरह देखते हैं?
मैं AI को लेकर थोड़ा संदेह में हूं। इसके कुछ सीमित इस्तेमाल हैं, लेकिन अगर यह रचनात्मकता पर हावी हो जाए, तो फिर रचनात्मकता का मतलब ही क्या रह जाएगा? क्रिएटिविटी का पूरा उद्देश्य है चीजों को खोजना, संदेह करना, कमजोरियों को स्वीकार करना, गलतियां करना और आश्चर्य के नए अनुभवों से गुजरना। दूसरी ओर, अनुवाद करते समय आपको किसी दूसरे लेखक की रचनात्मक प्रक्रिया और उसकी दुनिया को समझना होता है। AI से किया गया अनुवाद भले ही कितना भी तेज और प्रभावी क्यों न हो, उसमें और नए रास्ते खोलने वाले रचनात्मक अनुवाद में फर्क होता है।

कुछ बरसों में हमारे बीच कई नए छोटे-बड़े लिटरेचर फेस्ट आए हैं। इस ट्रेंड पर क्या कहेंगे?
साहित्य महोत्सव बहुत अच्छा विचार हैं। पाठक लेखकों से मिल सकते हैं, उनकी बातें सुन सकते हैं, समझ सकते हैं कि उनकी रचनाओं के पीछे क्या अनुभव हैं। वे अपनी साहित्यिक समझ और पढ़ने के दायरे को फैलाव दे सकते हैं। मैं ऐसे लोगों से मिला हूं, जिन्होंने मुझे पहली बार तब सुना था, जब वे स्टूडेंट्स थे। बाद में वे लगातार पढ़ते रहे और आगे एक बड़े साहित्यिक समुदाय का हिस्सा बन गए।

कबीर से लेकर गालिब तक से आपका क्या खास नाता है?
मैं कबीर और गालिब के साथ लंबे समय से एक सहयात्री की तरह चलता आया हूं। उनके बयां करने के अंदाज और संदर्भ से मैं बिल्कुल अलग हूं, मगर वे हमेशा मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं, इसलिए वो मेरी कविताओं में भी आते रहे हैं।

इन दिनों किस पर काम कर रहे हैं, क्या कोई ड्रीम प्रॉजेक्ट है?
कविताओं की नई किताब पर काम कर रहा हूं। मूर्ति क्लासिकल लाइब्रेरी में संपादक के रूप में भी जुड़ा हूं, जहां एक शानदार अनुवादक के साथ मिलकर 'वेताल पंचविंशति' की 25 कहानियों पर भी काम कर रहा हूं। यह अनुभव बहुत दिलचस्प है। आप किसी दूसरे की रचना को बहुत करीब से पढ़ते हैं और उसकी दुनिया में प्रवेश करते हैं। हां, मैं एक उपन्यास लिखना चाहता हूं। कई बार कोशिश की है, लेकिन हर बार काम आगे नहीं बढ़ पाया। उम्मीद है कि किसी दिन यह उपन्यास पूरा हो जाएगा।