अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाकर दो कांस्य पदक जीतने वाले ग्वालियर के पैरा आर्म रेसलर रोहित सिंह का शनिवार को शहर आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर लौटे रोहित के स्वागत में परिजनों और खेल प्रेमियों ने वाहन रैली निकाली।

शहर में जगह-जगह उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान परिजनों ने मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। रोहित की सफलता से परिवार और शहर में उत्साह का माहौल रहा।

रोहित ने नई दिल्ली में आयोजित 47वीं वर्ल्ड आर्म रेसलिंग एवं 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक हासिल किए हैं।

जन्म से 80 प्रतिशत दिव्यांगता और सेरेब्रल पाल्सी की चुनौती के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि ने ग्वालियर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दिखा चुके हैं दम

रोहित का खेल सफर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है। वर्ष 2025 में बुल्गारिया में आयोजित वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग कप में स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली में आयोजित एशियन आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भी एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।

राष्ट्रीय स्तर पर भी रोहित का प्रदर्शन शानदार रहा है। केरल में आयोजित 2025 की नेशनल पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में उन्होंने दो स्वर्ण पदक जीते। वहीं, 2026 में गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी दो स्वर्ण पदक हासिल किए। ग्वालियर में आयोजित ऑल इंडिया PAFI पैरा आर्म रेसलिंग कप-2025 में दो स्वर्ण पदक जीतने के साथ चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब भी अपने नाम किया।

अब ओलंपिक में पदक जीतने का सपना

ग्वालियर पहुंचने पर रोहित ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। मुकाबले काफी कठिन थे और कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 85 देशों के खिलाड़ी पहुंचे थे। ऐसे खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने पूरी ताकत और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया।

रोहित ने कहा, "अभी तो और आगे जाना है। मेरी तैयारी जारी रहेगी। अब लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतना है।" उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच और खेल संघ के पदाधिकारियों को दिया। रोहित की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि मजबूत हौसले के सामने शारीरिक चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं।