व्यवस्था पर बड़ा सवाल कार्यालय को मिला ISO का दर्जा पर वहां प्रवेश द्वार एवं परिसर में दिख रही अव्यवस्था?
संजय अग्रवाल // अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय टिमरनी को ISO का दर्जा प्राप्त होने के बावजूद कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर आवारा कुत्तों का जमावड़ा प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। सामने आई तस्वीर में एक-दो नहीं, बल्कि कई कुत्ते कार्यालय की सीढ़ियों और बरामदे में आराम फरमाते दिखाई दे रहे हैं।
जिस कार्यालय को बेहतर व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और व्यवस्थित कार्यप्रणाली के लिए ISO प्रमाणन मिला है, उसके मुख्य द्वार का यह नजारा जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। आम नागरिक जब अपनी समस्याएं लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचते हैं, तो उन्हें प्रवेश द्वार पर ही कुत्तों के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
सवाल यह है कि ISO के मानकों की निगरानी आखिर कौन कर रहा है? क्या कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और आवारा पशुओं की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है? यदि ISO मानकों के तहत कार्यालय को व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया गया है, तो मुख्य द्वार पर यह स्थिति कैसे बनी हुई है?
तस्वीरें देखकर ऐसा लगता है कि एसडीएम कार्यालय की सीढ़ियां आम जनता के बजाय आवारा कुत्तों के लिए आरामगाह बन गई हैं। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस तस्वीर को गंभीरता से लेते हैं या फिर ISO का तमगा लगाए कार्यालय में ऐसी तस्वीरें यूं ही सामने आती रहेंगी।