निरीक्षण करते हुए टिमरनी एसडीएम एवं एसडीओपी टिमरनी
संजय अग्रवाल // जिले में हो रही अति वर्षा एवं नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को दृष्टिगत रखते हुए आज एसडीएम टिमरनी शैलेन्द्र बड़ौनिया एवं एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया द्वारा टिमरनी क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं जलभराव वाले स्थान ग्राम गोदडी , काथडी, नयागांव, गोंदागांव व अन्य क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया।अधिकारियों द्वारा विशेष रूप से रपटों एवं नदी-नालों के आसपास की स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा ग्रामीणों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में रपटे एवं नदी-नालों को पार नहीं करने तथा अनावश्यक रूप से पानी के बीच जाने से बचने के लिए जागरूक किया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील रपटों पर बैरिकेडिंग करवाकर आवागमन को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित कोटवारों को पाबंद कर लगातार निगरानी रखने तथा जलस्तर में वृद्धि होने पर तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।एसडीएम एवं एसडीओपी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से संवाद करते हुए सजग एवं सतर्क रहने, बच्चों को नदी-नालों एवं तेज बहाव वाले पानी के पास नहीं जाने देने तथा प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई।प्रशासन एवं पुलिस द्वारा अति वर्षा की स्थिति में संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके