राजस्थान निकाय-पंचायत चुनाव: आ गई आरक्षण के लॉटरी की तारीख, कांग्रेस-बीजेपी किन नेताओं को देगी प्राथमिकता?
Updated on
10-08-2026 01:13 PM
जयपुर: राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के बाद चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। हालांकि लॉटरी की तारीख दो दिन आगे बढ़ गई है। पूर्व में 13 अगस्त को लॉटरी निकाला जाना तय था लेकिन कई जिला कलेक्टरों ने कार्य की व्यस्तता के चलते आग्रह किया था कि लॉटरी की तिथि को एकाध दिन आगे बढ़ाया जाए। ऐसे में लॉटरी की डेट अब 15 या 16 अगस्त तय होने वाली है।लॉटरी निकलते ही चुनावी हलचल तेज
15 या 16 अगस्त को ओबीसी सहित अन्य सभी वर्गों की राजनैतिक प्रतिनिधित्व को लेकर जिलेवार लॉटरी निकाली जानी तय है। इसके बाद पूर्व में निर्धारित प्लान के मुताबिक 17 अगस्त को निकाय चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होगा। नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ऐसे में चुनाव हलचल तेज होना लाजमी है। निकाय चुनाव में नामांकन के लिए करीब दस दिन का समय मिलेगा। इन दस दिनों में चुनावी उठापटक रहेगी।सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता
निकाय और पंचायत चुनाव में टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने लगभग एक जैसा फार्मूला तय किया है। दोनों ही दलों के नेताओं का कहना है कि जो कार्यकर्ता फील्ड में सक्रिय रहे हैं, निकाय चुनाव में प्रतिनिधित्व का मौका देने में उन्हें ही प्राथमिकता दी जाएगी। सक्रिय कार्यकर्ताओं पर राजनैतिक दलों की पहले से नजर है। कौन कितना एक्टिव है। इसकी रिपोर्ट भी जिला और प्रदेश नेतृत्व के पास है। ऐसे में लॉटरी की प्रक्रिया पूरी होते ही प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया जाएगा।
दो चरण में होंगे निकाय चुनाव
निकाय चुनाव में सदस्य पदों के चुनाव दो चरण में होना प्रस्तावित है। पहले चरण का मतदान 6 सितंबर को और दूसरे चरण का मतदान 9 सितंबर को होने हैं। मतगणना की तारीख 11 सितंबर तय है। इसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे। 20 सितंबर तक निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। पंचायत चुनाव की प्रक्रिया 15 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी।