
सोशल मीडिया पर लोग लड़कियों को लेकर ऐसी सोच पर सवाल उठा रहे हैं। इन्फ्लुएंसर अंजलि ने कहा- ऐसे लोग हरियाणा को मिनी अफगानिस्तान बनाना चाहते हैं, क्योंकि ये लोग नहीं चाहते कि लड़कियों के पास फोन हो या वे डांस करें।
‘लड़कियों को दबाने के बजाय उनकी सेफ्टी और एजुकेशन पर बात करें’
हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया ने वीडियो जारी कर कहा, “लड़कियों के साथ ही ऐसा क्यों हो रहा है? लड़कों के साथ क्यों नहीं हो रहा? पहले लड़कियों को कोख में मार देते थे, आज इन्हें जीते-जी मार दो। लड़कियों को सिखाने के बजाय हम इन्हें दबा रहे हैं। इतनी बड़ी पंचायत जुड़ी थी, तो इन्हें रेप के खिलाफ कानून बनाने को लेकर बात करनी चाहिए थी। एजुकेशन और उनकी सेफ्टी पर बात करनी चाहिए थी। लड़कियों को मेंटली टॉर्चर नहीं करना चाहिए। लड़कियां आज IAS से लेकर IPS बन रही हैं। इनके साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।”
'लड़कियों को कम प्यार किया जाता है'
फनी वीडियो बनाने वाले आदी अंतिल ने कहा, “पूरे संसार में सबसे कम लड़कियां हरियाणा में हैं, क्योंकि यहां लड़कियों को कम प्यार किया जाता है। सभी को लड़के पसंद हैं। अभी खाप पंचायतों में लड़कियों को लेकर बातें हो रही हैं कि इनसे फोन छीनो, इन्हें बाइक पर बैठना नहीं आता। क्या पता उस पिता ने उस लड़की को अपना बेटा समझकर पाला हो। कई पिता अपनी बेटी को बेटा कहते हैं। अगर किसी पिता को गलत लगेगा तो वह खुद कह लेगा। ऐसी पंचायतों में अपनी बात दूसरों पर थोपना गलत है।"
‘लड़कियों को दबाकर रखना चाहते हैं’
ओमप्रकाश हरियाणा नाम के इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर ने वीडियो बनाकर कहा, “भाई, ये क्या चल रहा है हरियाणा में? लड़कियों के बारे में ये बातें बोलने वाला यह आदमी कौन है? हमें इसकी सोच से कुछ लेना-देना नहीं है। ये चाहता है कि जैसे पहले महिलाएं दबकर रहती थीं, वैसे ही रहें। इससे क्या देश की इकोनॉमी बढ़ जाएगी? मैं ऑस्ट्रेलिया में रहता हूं। यहां महिलाएं हर काम करती हैं। यहां की इकोनॉमी इंडिया से काफी ज्यादा है।”
‘लड़कियों का फोन भी बंद करवा दोगे क्या?’
गीता ढांडा नाम की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने वीडियो जारी कर कहा, “औरतों को कितना दबाया जा रहा है। हर चीज औरत के लिए है। जब औरत बोलने लगती है तो आदमियों को काफी बुरा लगता है। ये लोग चाहते हैं कि जैसे पुराने समय में औरतें रहती थीं, वे अभी भी वैसे ही रहें। ये कहते हैं कि लड़कियों को फोन न दिया जाए, ऐसा क्यों? आजकल हर स्कूल में होमवर्क भी फोन पर आता है। इसका मतलब तो लड़कियों का फोन भी बंद करवा दोगे।”