अगर आप सोना खरीदने जा रहे हैं तो थोड़ा सावधान हो जाइए। सोने में चीन से आयात की जाने वाली रेनियम नाम की धातु या उसके पाउडर की मिलावट किए जाने की रिपोर्ट सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि इस धातु को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जाता है और इस तरह से ग्राहकों को धोखा दिया जा सकता है। हालांकि, इस तरह की मिलावट से बचने और इसकी पहचान करने के तरीके भी मौजूद हैं।
ज्वेलर्स एसोसिएशन ने दी चेतावनी
ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन ने बताया कि इन दिनों सोने में रेनियम धातु की मिलावट को लेकर रिपोर्ट सामने आ रही हैं और इसमें सच्चाई है। उनके मुताबिक, चीन से आयात होने वाली रेनियम धातु के पाउडर को सोना पिघलाते समय उसमें मिलाया जाता है, ताकि सोने का वजन बढ़ाया जा सके। उन्होंने दावा किया कि इस धातु को सोने के अंदर एक खास जगह पर फिट किया जाता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है।
कुमार जैन ने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के जरिए सोने में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिलती है। उन्होंने जांच की रिपोर्ट दिखाने के साथ 24 कैरेट शुद्ध सोने का प्लेट भी दिखाया और बताया कि किस तरह से मिलावट की जा सकती है।
ग्राहक कैसे करें बचाव?
सोना खरीदते समय हॉलमार्क जरूर देखें।
हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन यानी HUID नंबर की जांच करें।
सोने की कंप्यूटराइज्ड प्योरिटी टेस्टिंग जरूर कराएं।
ज्वेलर से टेस्टिंग की लिखित रिपोर्ट और सर्टिफिकेट मांगें।
केवल भरोसेमंद और प्रतिष्ठित ज्वेलर्स से ही सोना खरीदें।
कुमार जैन ने कहा कि मुंबई जैसे बड़े शहरों में कंप्यूटराइज्ड जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन ग्रामीण इलाकों में ऐसी सुविधाओं की कमी हो सकती है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहक किसी बड़े शहर में जाकर विश्वसनीय ज्वेलर के पास सोने की जांच करा सकते हैं।
उन्होंने माना कि इस तरह की रिपोर्ट सामने आने के बाद ग्राहकों के मन में शंकाएं पैदा हुई हैं। ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन ने अपने सभी ज्वेलर्स और व्यापारियों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। एसोसिएशन ने कहा है कि अगर कोई एजेंट सस्ते दाम पर सोना देने या इस तरह की मिलावट करने का प्रस्ताव लेकर आता है तो उसके झांसे में न आएं। ऐसे लोगों की जानकारी तुरंत पुलिस या एसोसिएशन को दें, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
ग्राहको में चिंता
सोने में मिलावट की खबरों के बाद ग्राहकों में भी चिंता देखने को मिल रही है। कुछ ग्राहकों का कहना है कि वे मुंबई में वर्षों से जिन भरोसेमंद ज्वेलर्स से सोना खरीदते आए हैं, उन्हीं से खरीदारी करते हैं। वहीं, ग्राहकों ने सरकार और ज्वेलर्स एसोसिएशन से इस मामले में हस्तक्षेप कर लोगों का भरोसा बनाए रखने की मांग की है।
फिलहाल ज्वेलर्स एसोसिएशन ने व्यापारियों को सतर्क रहने और ग्राहकों को जागरूक करने की पहल शुरू की है। कुमार जैन ने कहा कि ग्राहकों को सतर्क रहने की जरूरत है, लेकिन डरने की जरूरत नहीं है।
वहीं, कीमतों की बात करें तो 20 नवंबर को सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव 4,715 रुपये यानी 3.70 फीसदी टूटकर 1,22,737 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी की कीमत भी 8,269 रुपये यानी 5.25 फीसदी गिरकर 1,49,213 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।