कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में 2 आदिवासी युवकों ने छह लोगों पर मारपीट कर 35 हजार रुपए नकद और सामान छीनने का आरोप लगाया है। पीड़ितों के मुताबिक, बुधवार रात वीराशन माता मंदिर के पास यह घटना हुई। दोनों ने अगले दिन गुरूवार को ढीमरखेड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि पुलिस ने आवेदन लेने के बाद मेडिकल परीक्षण नहीं कराया और उन्हें सुबह से शाम तक थाने में बैठाए रखा।
मंदिर के पास बाइक को टक्कर मारने का आरोप
ग्राम दादर सिंहुडी निवासी रामदास और सुनील सिंह के मुताबिक, वे बुधवार रात जबलपुर जिले की एक तहसील से ट्रैक्टर का सामान लेकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। रास्ते में वीराशन माता मंदिर के पास छह युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
पीड़ितों का आरोप है कि इसके बाद छह लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान एक युवक से 20 हजार और दूसरे से 15 हजार रुपए नकद छीन लिए गए। आरोप है कि हमलावर ट्रैक्टर का पंप और मोटरसाइकिल की चाबी भी ले गए।
सुबह 10 से शाम 6 बजे तक थाने में बैठे रहे
दोनों युवकों के मुताबिक, वे घटना के अगले दिन सुबह करीब 10 बजे ढीमरखेड़ा थाने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पुलिस ने शिकायत का आवेदन ले लिया, लेकिन शाम 6 बजे तक उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया और न ही उन्हें कार्रवाई की जानकारी दी गई।
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने बताया कि तिलमन बांध गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी, जिसके कारण पुलिस स्टाफ वहां व्यस्त था। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।