गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी में धनतेरस की रात हुए धमाके की जांच के लिए ATS की टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम धमाके की वजह और इसमें आतंकी साजिश की आशंका की जांच कर रही है।
हालांकि, शुरुआती जांच में एसी या चौकी में रखे पटाखों में विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर आतंकी संगठन के नाम से धमाके की जिम्मेदारी लेने वाले दावे की भी जांच की जा रही है।
धमाका इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुआ। धमाका इतना तेज था कि चौकी के कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। एसी क्षतिग्रस्त हो गए और दीवार में दरार आ गई। धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के वक्त चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद था। हालांकि, उसके घायल होने या सुरक्षित होने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
चौकी के पास से गुजर रहा 20 साल का युवक विशाल भी धमाके की चपेट में आकर घायल हो गया। वह खाना डिलीवर करने जा रहा था। उसे मामूली चोट आई है।
शनिवार सुबह धमाके वाली चौकी के ऊपर से गुजरने वाली एलिवेटेड रोड पर दिल्ली नंबर की एक स्कूटी संदिग्ध हालत में मिली। फिलहाल, स्कूटी और चौकी में हुए धमाके के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 'गाजी-2' नाम के हैंडल से 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' नाम के संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस पोस्ट की सत्यता और संगठन की पहचान की जांच कर रही हैं।
उधर, मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने बताया-

बम निरोधक दस्ता, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। यूपी पुलिस की अलग-अलग एजेंसियां जांच में जुटी हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से और किस चीज से हुआ। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
वसुंधरा चौकी एलिवेटेड रोड के नीचे बनी है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि सड़क के ऊपर से किसी ने विस्फोटक सामग्री फेंकी थी। उससे ही धमाका हुआ है। एलिवेटेड रोड पर लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है।
जब्त पटाखों में विस्फोट की भी आशंका
आसपास के लोगों का कहना है कि चौकी में पुलिसकर्मी इलाके में अवैध रूप से बिकने वाले पटाखों को जब्त करके रखते थे। शायद उसकी से धमाका हुआ हो। हालांकि, पुलिस पटाखों में ब्लास्ट की बात पर खुलकर नहीं बोल रही है।
डीसीपी बोले- जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा
डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया- घायल युवक गाजियाबाद के अर्थला का रहने वाला है। उसकी हालत स्थिर है।
धमाके के बाद आतंकी संगठन का वीडियो सामने आया
धमाके बाद तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के आतंकी संगठन ने सोशल मीडिया वीडियो पोस्ट कर धमाके को अंजाम देने का दावा किया। संगठन ने वीडियो के साथ अंग्रेजी में लिखा एक नोट भी पोस्ट किया।
वीडियो में एक शख्स चेहरे पर नकाब पहने हुए दिख रहा है। पहले वह उर्दू बोलता सुनाई दे रहा है, बाद में हिंदी में धमाके की जिम्मेदारी लेता दिख रहा है। उसने कहा कि हमने भगवा हुकूमत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को निशाना बनाया है। हमें अपने घर की हिफाजत का हक है। आज पुलिस, आर्मी, ज्यूडीशियरी सब हमारे खिलाफ इस्तेमाल हो रहे हैं।
वीडियो सामने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। साइबर सेल भी जांच में जुट गई। पुलिस और जांच एजेंसी के जांच में सामने आया कि रात में जिस अकाउंट से वीडियो और पोस्ट डाली गई, उसे फिलहाल डिलीट कर दिया गया है।
भाजपा विधायक बोले- ऐसा जवाब मिलेगा कि सात पीढ़ियां याद रखेंगी
बीजेपी से लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा- जिम्मेदारी लेने वाले संगठन को पता होना चाहिए कि यूपी में किसका शासन है। सरकार दीपावली के महापर्व पर जिहादियों की इस हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस बहुत जल्द ऐसे लोगों को 72 हूरों के पास भेजने का काम करेगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली पर कोई किसी प्रकार की चिंता न करें। आनंद के साथ अपना त्यौहार मनाएं। इन जिहादियों को ऐसा जवाब मिलेगा कि इनकी सात पीढ़ियां याद रखेंगी। इनको पाकिस्तान में भी अगर घुस के मारना पड़ा तो हमार देश पीछे नहीं हटेगा।
नाजिया इलाही खान बोलीं- मुझे 8 महीने से पाकिस्तान से धमकियां मिल रहीं
भाजपा नेता एवं एक्टिविस्ट नाजिया इलाही खान ने वीडियो जारी कर पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए। कहा कि उन्हें पिछले 8 महीने से पाकिस्तान से धमकियां मिल रही हैं। उनका घर वसुंधरा थाना क्षेत्र में है। इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई? उन्होंने वसुंधरा थाने के अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की।