पंजाब के होशियारपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के मुकेरियां में एक प्रवासी मजदूर पर अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने उसके शव को बिना कपड़ों के गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जानबूझकर हत्या को यौन उत्पीड़न या बलात्कार का मामला दिखाने की कोशिश की थी, ताकि असली वजह छिपी रहे।
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान रुबीना खातून के रूप में हुई है। उसका पति जहादुर इस्लाम पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाला है। दोनों पति-पत्नी मुकेरियां के मदीनपुर गांव में किराए पर रहते थे और वहीं सीवर तथा नाली सफाई का काम करते थे। पुलिस ने बताया कि यह जोड़ा काफी समय से इस इलाके में मजदूरी कर रहा था।
शक के आधार पर मर्डर
पुलिस के मुताबिक, जहादुर इस्लाम को शक था कि उसकी पत्नी रुबीना का किसी और आदमी से संबंध है। इसी शक की वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। हत्या से पहले भी कई दिनों तक उनके बीच तकरार चल रही थी। पुलिस का कहना है कि इस्लाम अपनी पत्नी की ईमानदारी पर बार-बार सवाल उठाता था और इसी वजह से घर में तनाव का माहौल बना रहता था।
पुलिस के अनुसार, घटना कुछ दिन पहले की है। काम खत्म करने के बाद इस्लाम कथित तौर पर रुबीना को गांव के पास एक तालाब के किनारे ले गया। वहां से वह उसे आसपास के गन्ने के खेत में ले गया। जांच के अनुसार, उसने गमछे से रुबीना का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद उसने अपने साले सोहेल अली से संपर्क किया। सोहेल अली बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला है।
साले को क्या बताया?
इस्लाम ने साले को बताया कि रुबीना कहीं गायब हो गई है। कॉल आने के बाद रुबीना का भाई मदीनपुर गांव पहुंचा और उसे ढूंढना शुरू किया। जब वह कहीं नहीं मिली और इस्लाम के बयान में कई बातें मेल नहीं खा रही थीं, तो भाई ने उससे सवाल-जवाब करना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान जहादुर इस्लाम ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूल कर ली।