जिले के गरोठ क्षेत्र में 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म की पुष्टि डॉक्टरों ने की है। उसके सिर व चेहरे पर चोट, गला घोंटने व शरीर पर जानवरों द्वारा नोंचने के निशान भी मिले हैं। वारदात को अंजाम देने वाले ये हैवान बच्ची के पिता के ही दोस्त निकले हैं।
पुलिस ने 2 संदिग्धों को पकड़ा है और उनकी निशानदेही पर अन्य की तलाश जारी है। गोवर्धन पूजा के छोड़फाड़ आयोजन के बाद जब बच्ची घर जा रही थी तभी उसके पिता के परिचित कुछ लोग उसे संतरे का लालच देकर अपने साथ खेत पर ले गए, इसके बाद अगले दिन हैवानियत की ये कहानी सामने आई।
इधर बच्ची रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने थाने में शिकायत की थी। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के ही बरगद के पेड़ के खोखले तने के पास बच्ची की लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी।
इधर सर्चिंग करते हुए पुलिस संदिग्ध जितेंद्र मेहर तक पहुंची, वहां आरोपी ने खुद के शरीर पर ब्लेड से लगे कट बताए और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। बोला कि मुझे कुछ लोग पकड़कर पीटकर भागे थे। गुस्साए लोगों ने आरोपी को सुपुर्द करने की मांग को लेकर नगर में जाम लगाया। बाजार बंद कराए।
हालात कंट्रोल करने पुलिस को अन्य थानों का फोर्स बुलाना पड़ा। प्रदर्शनकारी एसपी विनोदकुमार मीना के वाहन के आगे भी लेटे। एसडीओपी गरोठ विजयकुमार यादव ने बताया आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो। हिरासत में लिए आरोपी की पुष्टि जितेंद्र (35) के तौर पर हुई है।
बच्ची से जुड़ी वारदात के दोषियों पर सख्त धाराओं में कार्रवाई होगी। घटनास्थल पर आवश्यक जांच भी की है। संदिग्धों को पकड़ा है, कुछ इनपुट भी मिले। जल्द घटनाक्रम की पूरी कहानी सामने आएगी। -विनोद कुमार मीना, एसपी मंदसौर