पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में उत्तर प्रदेश ATS ने मंगलवार रात एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसके ई-मेल अकाउंट से बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश मिले हैं।
पूछताछ में संदिग्ध ने दावा किया कि उसने अपना ई-मेल अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया था। अब ATS ई-मेल खरीदने वाले की तलाश कर रही है। जांच की जा रही है कि धमकी भरे संदेश किसने भेजे थे।
धमकी भरा ई-मेल ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया था। इसमें कॉन्सर्ट के मंच को आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके अलावा, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
आईपी एड्रेस ट्रेस कर संदिग्ध तक पहुंची ATS
धमकी भरे ई-मेल की जांच करते हुए ATS ने उसका आईपी एड्रेस ट्रेस किया। इसके आधार पर जांच एजेंसी उत्तर प्रदेश के दो शहरों तक पहुंची और मंगलवार रात एक संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने ई-मेल बेचने की बात कही। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि धमकी उसी ने भेजी थी या ई-मेल खरीदने वाले किसी दूसरे व्यक्ति ने इसका इस्तेमाल किया। ATS ई-मेल की खरीद-बिक्री और धमकी के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।
दिल्ली और मुंबई में भी मिल चुकी हैं धमकियां
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर इससे पहले दिल्ली और मुंबई में भी धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। अक्टूबर में दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम को सुरक्षा संबंधी इनपुट के चलते पहले अनुमति नहीं मिली थी। बाद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद मंजूरी दी गई और 30 अक्टूबर को शो आयोजित हुआ।
वहीं, 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भी धमकी भरा ई-मेल मिला था। इसमें दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
लगातार मिल रही धमकियों के बाद 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।
धमकी के बीच ही कॉन्सर्ट में चार गानों पर रोक लगी
इंदौर कॉन्सर्ट को उड़ाने की धमकी के बीच ही कॉन्सर्ट में दिलजीत के चार गानों पर रोक भी लगी। इंदौर जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को नहीं गाने देने को कहा था। विभाग का मानना है कि इनके बोल बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं।
जिन गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम लभिया' और 'जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी' शामिल हैं।
दिलजीत बोले-पोहा खाने इंदौर जरूर आऊंगा
दोसांझ ने इंदौर आने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। उन्होंने छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘मैं आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा।’
दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल आईडी पर दो दिन पहले धमकी भरा मेल आया है। इसमें 15 नवंबर को इंदौर में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के होने वाले कॉन्सर्ट के मंच को IED (बम) से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।