कुमार सानू हाल ही में कश्मीर में आयोजित हुए 'कश्मीर गॉट टैलेंट' का हिस्सा बने। इस खास इवेंट का आयोजन कुपवाड़ा में किया गया था जहां चार दिनों तक चले इसे कार्यक्रम में सिंगर ने सबका दिल भी खूब जीता। कश्मीर के टैलेंट को आगे बढ़ाने के लिए वहां म्यूजिक अकैडमी खोलने की जरूरत पर भी सिंगर ने बात की । इस वक्त सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियोज़ छाए हैं जिनमें कहा गया है कि जब काजी तौकी 'बिग बॉस 20' से बाहर निकलेंगे तो कुमार सानू उनके साथ भी काम करेंगे।

कुमार सानू के कुछ वीडियोज़ सामने आए हैं। इनमें से एक में स्टेज पर एक महिला को गाते हुए सुनकर सिंगर दूर जाकर खड़े हो जाते हैं और फनी सा चेहरा बनाते दिख रहे हैं।
कुमार सानू खुद अपने गाए गाने मंच पर गाते दिख रहे

वहीं एक अन्य वीडियो में कुमार सानू खुद अपने गाए गाने मंच पर गाते दिख रहे हैं। उन्हें सुनने के लिए सामने मौजूद भीड़ उत्साहित दिख रही है। एक अन्य वीडियो में ये कहा जा रहा है, 'दादा ने श्रीनगर में प्रेस में बोला है कि काजी तौकीर जैसे ही बाहर निकलेंगे, दादा उसके साथ गाना करेंगे।' ये सुनते ही वहां मौजूद भीड़ खुशी के मारे चीख उठती है।
8 से 11 नवंबर तक 'कश्मीर गॉट टैलेंट'

यहां बता दें कि कश्मीर के कुपवाड़ा में आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम 'कश्मीर गॉट टैलेंट' का मंगलवार को शानदार समापन हुआ। यह कार्यक्रम 8 से 11 नवंबर तक आयोजित किया गया था। सिंगर कुमार सानू ने कश्मीर के युवाओं की प्रतिभा की जमकर तारीफ की।

मुंबई के TAHA फिल्म इंटरनेशनल प्रोडक्शन हाउस ने किया था आयोजन

कश्मीर में इस इवेंट का आयोजन मुंबई के TAHA फिल्म इंटरनेशनल प्रोडक्शन हाउस ने कुपवाड़ा जिला प्रशासन के सहयोग और भारतीय सेना के सपोर्ट से किया। इस मंच पर कश्मीर के अलग-अलग इलाकों से आए गायकों, डांसर्स, संगीतकारों और दूसरे कलाकारों को अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरा।

इवेंट में तीन टॉप परफॉर्म को उनके बेहतरीन प्रतिभा के लिए नकद पुरस्कार

बताया जा रहा है कि इस इवेंट के ग्रैंड फिनाले में कुमार सानू चीफ गेस्ट के तौर पर पहुंचे थे। उनके अलावा एक्टर और प्रड्यूसर हरमन बवेजा भी मौजूद रहे। इस इवेंट में तीन टॉप परफॉर्म को उनके बेहतरीन प्रतिभा के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पहले पोजिशन पर रहने वाले विनर को एक लाख रुपये मिले। वहीं दूसरे नंबर पर आने वाले कलाकार को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले कलाकार को 30 हजार रुपये का इनाम दिया गया।

लोकल सिंगर्स और कलाकारों के साथ मिलकर काम करने की इच्छा

कुमार सानू ने कश्मीर के लोकल सिंगर्स और कलाकारों के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जाहिर की। उनका मानना है कि संगीत के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर मौके दिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम हर साल होने चाहिए और इन्हें कश्मीर के दूर-दराज के इलाकों तक भी पहुंचाया जाना चाहिए, ताकि वहां छिपी प्रतिभाओं को भी अपनी पहचान बनाने का मौका मिल सके।