बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर टीवी के पॉपुलर क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के मंच पर लौट आए हैं। हाल ही में 84 साल के एक्टर की बिगड़ी तबीयत की वजह से 'KBC 18' के नए एपिसोड्स की शूटिंग एक हफ्ते के लिए रोक दी गई थी। अब कुछ समय के ब्रेक के बाद बिग बी ने शो की शूटिंग शुरू कर दी है। मेकर्स ने उनका नया प्रोमो भी जारी किया है, जिसमें वह फैंस की दुआओं और प्यार के लिए उनका शुक्रिया अदा करते नजर आ रहे हैं। शो में एक कंटेस्टेंट ने भी उनसे सीधे उनकी सेहत के बारे में सवाल किया।

पिछले महीने अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग और सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने और ठीक होने की सलाह दी गई है, इस वजह से वह कुछ समय तक सोशल मीडिया पर अपडेट नहीं दे पाएंगे। उनकी इस बात के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए थे। अब शो के नए प्रोमो में अमिताभ की वापसी देखकर फैंस काफी खुश हैं। एक्टर ने भी अपने खास अंदाज में सभी का शुक्रिया अदा किया है।
अमिताभ बच्चन ने KBC की शूटिंग फिर से की शुरू

'सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन' ने 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के नया प्रोमो जारी किया है। इसमें अमिताभ बच्चन अपने फैंस और चाहने वालों को उनके प्यार, दुआओं और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि फैंस की दुआओं ने ही उन्हें एक बार फिर इस शो के मंच पर लौटने का हौसला दिया। प्रोमो की शुरुआत में अमिताभ बच्चन सभी को दिवाली की शुभकामनाएं देते हैं। वह उम्मीद जताते हैं कि सभी की दिवाली शानदार रही होगी। इसके बाद अपनी दिवाली के बारे में बात करते हुए कहते हैं, 'उम्मीद है कि आप सबकी दिवाली बहुत शानदार रही होगी। हमने भी अपनों के साथ दिवाली मनाई, लेकिन एक और घर भी तो है। KBC का यह मंच।'
कंटेस्टेंट ने तबीयत को लेकर किया सवाल

शो के दौरान एक कंटेस्टेंट ने अमिताभ बच्चन से उनकी सेहत के बारे में पूछा। कंटेस्टेंट ने जानना चाहा कि अब उनकी तबीयत कैसी है और क्या वह ठीक महसूस कर रहे हैं। इस पर अमिताभ ने अपने खास अंदाज ने जवाब देने से पहले कंटेस्टेट से ही उनकी खैरियत पूछ ली। जब कंटेस्टेंट ने बताया कि वह बिल्कुल ठीक है, तो अमिताभ ने मुस्कुराते हुए कहा, 'अगर आप ठीक हैं, तो हम भी ठीक हैं।'

फैंस की दुआओं से फिर लौटे 'KBC 18' के मंच पर

'KBC 18' के मंच पर दोबारा लौटने की खुशी जाहिर करते हुए अमिताभ बच्चन ने अपने फैंस को एक बार फिर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, 'आप सबके प्यार, दुआओं और आशीर्वाद से हम यहां फिर से हाजिर हैं। उसी जोश, उसी मुस्कान और बिल्कुल नए एपिसोड्स के साथ' अमिताभ के इस बयान से साफ है कि वह एक बार फिर उसी जोश और मुस्कान के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। उनकी वापसी के साथ ही शो के नए एपिसोड्स भी शुरू होने जा रहे हैं।

कब और कहां देख सकेंगे 'KBC 18' के नए एपिसोड?

'कौन बनेगा करोड़पति 18' के नए एपिसोड सोमवार, 16 नवंबर से शुरू होंगे। दर्शक इन्हें रात 9 बजे 'सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन' पर देख सकेंगे। इसके अलावा शो के नए एपिसोड 'Sony LIV' पर भी स्ट्रीम होंगे।