व्यापारी और मंडी स्टाफ ने दी बधाई
संजय अग्रवाल // मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी 107 अधिकारियों की पदोन्नति सूची में कृषि उपज मंडी टिमरनी में कार्यरत प्रभारी मंडी सचिव राजेन्द्र धनोरिया का भी नाम शामिल होने पर मंडी परिसर में हर्ष का माहौल रहा। शासन ने उन्हें पूर्णकालिक मंडी सचिव के पद पर पदोन्नत किया है।
राजेन्द्र धनोरिया अपनी सरल, मिलनसार एवं कर्मठ कार्यशैली के लिए मंडी क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। वे लंबे समय से टिमरनी कृषि उपज मंडी में प्रभारी मंडी सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पदोन्नति की खबर मिलते ही मंडी के व्यापारियों, हम्मालों, कर्मचारियों एवं ई-मित्रों ने कार्यालय पहुंचकर फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर मिठाई खिलाई गई तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
राजेन्द्र धनोरिया इससे पूर्व बानापुरा, हरदा एवं सिराली कृषि उपज मंडियों में भी प्रभारी मंडी सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनकी पदोन्नति को मंडी परिवार ने उनकी निष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली का सम्मान बताया।
व्यापारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास जताया कि राजेन्द्र धनोरिया के नेतृत्व में कृषि उपज मंडी टिमरनी किसानों, व्यापारियों और मंडी व्यवस्था के हित में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।