वॉशिंगटन: अमेरिका में एकाएक ग्रोसरी स्टोर्स पर भीड़ बढ़ गई है। लाखों अमेरिकी बोतलबंद पानी, लंबे समय तक खराब ना होने वाला खाना और दूसरे जरूरत के सामान जमा कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में लगातार इस तरह की खरीदारी करने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है। इसकी वजह अमेरिका में तीन महीने (90 दिनों) तक ब्लैकआउट (बिजली और दूसरी जरूरी सेवाओं का ठप होना) होने का दावा है। हालांकि सरकार की ओर से इस दावे को कोरी अफवाह बताया गया है।
सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने ऐसे पोस्ट और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें अमेरिका में 90 दिनों के ब्लैकआउट की बात कहते हुए डूम्सडे प्लान के तहत लोगों से अपील की गई कि जरूरी सामान घरों में जमा कर लें। माइक्रोसॉफ्ट से लेकर बैंकों तक हाल ही में हुई बड़ी तकनीकी गड़बड़ियों (आउटेज) के बाद इस चर्चा ने जोर पकड़ा लिया है।
ट्रंप-वेंस ने दिलाया भरोसा
अमेरिकी लोगों में जरूरी सामान खरीदने के चलन ओर दुकानों पर बढ़ती भीड़ ने सरकार का ध्यान खींचा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने खुद इस पर प्रतिक्रिया दी है। दोनों शीर्ष नेताओं ने अपने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि प्रलय के दिन (डूम्सडे) जैसी स्थिति के लिए तैयारी करने की कोई जरूरत नहीं है।
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा है कि लोगों को शांत रहने के लिए कहें, सब कुछ ठीक है। अगर कोई समस्या होगी तो मैं आपको बता दूंगा। जेडी वेंस ने कहा है, 'मेरे कई दोस्तों ने मुझसे पूछा है कि क्या उन्हें बंकर बनाने की तैयारी करनी चाहिए या खाने-पीने का सामान जमा कर लेना चाहिए। इस मेरा जवाब है- बिल्कुल नहीं।'
कैलिफोर्निया, ओहियो, ओक्लाहोमा में मारामारी
सीबीएस न्यूज के अनुसार, कैलिफोर्निया, ओहियो और ओक्लाहोमा के कई स्टोर में लोग सामान जमा करते दिखे हैं। आपातकालीन सामानों की बिक्री में अचानक उछाल आया है। इस महीने की शुरुआत से ही वॉलमार्ट के ग्राहक सामान्य से ज्यादा प्रोपेन, बोतलबंद पानी और कैंपिंग का सामान खरीदकर जमा कर रहे थे।
अमेरिका में 90 दिनों तक बिजली बंद रहने (ब्लैकआउट) या पावर ग्रिड को बंद करने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। कुछ वायरल वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप को यह चेतावनी देते दिखाया गया है कि अमेरिका में 90 दिनों के लिए बिजली बंद की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इसे गलत तरह पेश किया गया है।
पेंटागन के डूम्सडे प्लान से संबंध
कई एक्सपर्ट ने इसे सितंबर के आखिर में घोषित पेंटागन की पहल फोर्ट्रेस अमेरिका (Federal Operations for Resilience, Troop Resources, Energy, Supply, and Survivability) से जोड़ा है। इसके तहत अमेरिका के हर प्रमुख सैन्य ठिकाने को अपनी बिजली खुद पैदा करने में सक्षम बनाने की योजना है।
30 सितंबर के पेंटागन के निर्देश के अनुसार, फोर्ट्रेस अमेरिका कार्यक्रम का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई रुकावट आने पर अमेरिकी सेना के पास जरूरी ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और अन्य संसाधनों तक पहुंच बनी रहे। इस घोषणा के बाद से लगातार बिजली कट और इमरजेंसी सामान जमा करने पर तरह-तरह की बातें चल रही हैं।