नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील की तारीफ की है, जिसमें उन्होंने एक साल तक सोने की खरीददारी न करने की अपील की थी। इसके साथ ही कांग्रेस पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
जिन्होंने पीएम की बात मानी, उन्होंने पैसे बचा लिएः बीजेपी
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने X पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने कहा, 'जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के लोगों से एक साल तक सोने की खरीदारी टालने की अपील की, तो कांग्रेस ने इसे 'डेथ वारंट' करार दिया था। वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतें गिरने के कारण, जिन व्यापारियों ने प्रधानमंत्री मोदी की सलाह मानी, उन्होंने प्रति किलो सोना खरीदने पर 65 लाख रुपये बचा लिए।'
व्यापारी संगठनों ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दियाः प्रदीप भंडारी
प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि जब भारत गरीब था, तब गांधी-वाड्रा परिवार आलीशान जीवन जीता था। उन्होंने कहा, 'आज व्यापारी संगठनों ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया है! इससे बौखलाकर कांग्रेस पार्टी और उसके नेता इसका विरोध कर रहे हैं।'
कांग्रेस को व्यापारियों को गुमराह करने और उनके बीच घबराहट पैदा करने के लिए उनसे माफी मांगनी चाहिए! यह वही गांधी-वाड्रा परिवार है, जो हिंदुस्तान के गरीब होने के समय नेवी कैरियर पर जन्मदिन मनाता था।
प्रदीप भंडारी, बीजेपी प्रवक्ता
बीजेपी बोली-कांग्रेस पार्टी की इकोनॉमिक थिंकिंग डेड
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, 'गांधी-वाड्रा परिवार, जो तब आलीशान जीवन जीता था जब भारत की अधिकांश आबादी गरीब थी, उसे प्रधानमंत्री मोदी से आर्थिक प्रबंधन और सादगीपूर्ण जीवन जीने का पाठ सीखना चाहिए! कांग्रेस पार्टी की इकोनॉमिक थिंकिंग डेड है, जबकि भारत की हिट है। जब कांग्रेस देश में झूठ फैला रही थी, तब प्रधानमंत्री देश का पैसा बचा रहे थे।'
सीटीआई ने अपने पत्र में क्या दावा किया
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कहा कि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को सोने की खरीदारी से बचने की सलाह दी थी। उस समय उनकी इस सलाह का काफी विरोध हुआ था, लेकिन आज साबित हो गया कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता ने लाखों व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचा लिया।
सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि जब प्रधानमंत्री जी ने सोना न खरीदने की सलाह दी थी, तब सोने का भाव 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्रति किलो था। आज सोने का भाव गिरकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति किलो हो गया है। यानी प्रति किलो 65 लाख रुपये की गिरावट आई है।