नब्बे के दशक की कुछ चर्चित फ़िल्मों का हिस्सा रहे अभिनेता शरद कपूर अपनी निजी ज़िंदगी के मुश्किल दौर की वजह से सुर्ख़ियों में हैं.

हाल में सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें शरद बेहद कमज़ोर और परेशान नज़र आए. इस वीडियो से ऐसा ज़ाहिर हो रहा है कि उन्हें अपने चार पालतू कुत्तों को, जिन्हें वह अपने बच्चों की तरह मानते हैं, कुछ समय के लिए एक एनिमल शेल्टर में भेजना पड़ा है.

इस वीडियो के सामने में आने के बाद उनकी आर्थिक और मानसिक मुश्किलों को लेकर पिछले कुछ दिनों में काफी चर्चा हो रही है.

कभी 'दस्तक' और 'जोश' जैसी फिल्मों से पहचान बनाने और चालीस से भी ज़्यादा फ़िल्मों में काम करने वाले इस अभिनेता फ़िल्मी सफ़र कैसा था और वो वजहें क्या रहीं जिनके चलते वे सिनेमाई पर्दे से दूर होते गए, इस आलेख में हमने यही जवाब तलाशने की कोशिश की है.

'स्वाभिमान' के ग्रोवर से बॉलीवुड तक

अभिनेता शरद कपूर से जुड़ी मेरी पहली याद 1991 के दूरदर्शन धारावाहिक 'स्वाभिमान' की है.

महेश भट्ट के निर्देशन में बना वह शो अपने दौर का एक ऐसा ट्रेंडसेटर था, जिसने कई ऐसे शानदार चेहरों को मंच दिया जिन्हें हमने आगे चलकर बड़े और छोटे पर्दे पर अपनी एक मजबूत पहचान बनाते देखा.

मनोज बाजपेयी, आशुतोष राणा, रोहित रॉय, हर्ष छाया और बेशक, 'ग्रोवर' के किरदार में युवा शरद कपूर शामिल थे जिनके ग़ज़ब के आत्मविश्वास और दमदार आवाज़ ने दर्शकों को काफ़ी इंप्रेस किया था.

कोलकाता के एक पंजाबी परिवार में जन्मे शरद कपूर का हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं था, लेकिन फ़िल्मों के प्रति उनका गहरा शौक़ ही उन्हें मायानगरी मुंबई ले आया.

शुरुआत का रास्ता आसान नहीं था. वे कई साल तक मशहूर निर्देशक शशिलाल नायर और सुनील सिकंद के असिस्टेंट डायरेक्टर रहे.

टीवी सीरियल्स में छोटे-मोटे रोल और कुछ ऐसी फिल्में जिनमें अभिनय के मौके तो मिले लेकिन वे भुला देने वाली साबित हुईं.

संघर्ष से घबराकर वो एक बार कोलकाता लौट गए थे मगर फिर 1994 में कुछ बनने का इरादा लेकर मुंबई वापस आ गए. इस बार क़िस्मत ने करवट ली.

बॉलीवुड में बड़ा 'ब्रेक'

स्वाभिमान' के ज़रिए उन्हें पर्दे पर लाने वाले महेश भट्ट शायद शरद के भीतर छिपी उस कच्ची प्रतिभा को भांप गए थे.

उन्होंने शरद कपूर पर जो दांव खेला, उसे ही फिल्मी दुनिया में 'किस्मत चमकना' या एक परफ़ेक्ट 'लकी ब्रेक' कहा जाता है.

फिल्म थी 'दस्तक' (1996) जो अनाउंस होते ही चर्चा में आ गयी थी, क्योंकि इस फ़िल्म में 1994 की 'मिस यूनिवर्स' सुष्मिता सेन को लॉन्च किया जा रहा था.

उनके साथ किसी बड़े स्टार के बजाय हीरो के रूप में मुकुल देव को लिया गया और एक ख़तरनाक, जुनूनी खलनायक (साइकोपैथ विलेन) के रोल में थे शरद कपूर.

फ़िल्म में सुष्मिता ने मिस यूनिवर्स का ही किरदार निभाया था, जिसके प्रति शरद का किरदार जुनूनी हद तक ऑब्सेस्ड हो जाता है. रिलीज़ से पहले ही फ़िल्म का संगीत हिट हो चुका था.

ख़ासतौर पर 'जादू भरी आंखों वाली सुनो' और शरद कपूर पर फ़िल्माया गया गीत 'तुम्हें कैसे मैं बताऊं' चार्टबस्टर साबित हुए थे.

लेकिन फ़िल्म रिलीज़ होते ही बॉक्स ऑफिस पर फ़्लॉप हो गई. बहुत से दर्शकों को यह यश चोपड़ा की फ़िल्म 'डर' की बेहद कमज़ोर कॉपी लगी थी.

शरद कपूर के किरदार की सीधी तुलना 'डर' (1993) में शाहरुख़ ख़ान के निभाए गए रोल से की गई. इसके बावजूद, फ़िल्म में हीरो से कहीं ज़्यादा मजबूत और असरदार रोल शरद कपूर का ही था.

फ़िल्म की समीक्षा करते हुए फ़िल्म पत्रकार अनुपमा चोपड़ा ने लिखा था, ''यह (शरद) कपूर ही हैं, जो निगेटिव लेकिन ज़्यादा दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण भूमिका में सारी महफ़िल लूट ले जाते हैं. उनका किरदार एक ओर ख़तरनाक है तो दूसरी ओर संवेदनशील, वह पागलपन से भरे भी हैं और आकर्षक भी. अब तक पर्दे पर दिखे तमाम बैड बॉय किरदारों से अलग, कपूर अपने अभिनय से एक नई छाप छोड़ते हैं."

इसके बावजूद 'दस्तक' से सबसे बड़ा फ़ायदा सिर्फ सुष्मिता सेन को मिला. बड़े बैनर और बड़े स्टार्स के साथ फ़िल्में और एक कामयाब करियर.

हीरो मुकुल देव (जिनका पिछले ही साल निधन हो गया), और विलेन शरद कपूर इस बड़े ब्रेक के हिसाब से कामयाबी नहीं पा सके.

पहली फ़िल्म के फ़्लॉप होने के बाद बड़े बैनर शरद कपूर जैसे 'आउटसाइडर' पर दांव लगाने को तैयार नहीं थे. फिर भी 'दस्तक' की वजह से उनके लिए कुछ दरवाज़े ज़रूर खुल गए.

उन्होंने कई फ़िल्में साइन कीं. जैकी श्रॉफ़ के साथ 'विश्वविधाता' (1996) में एआर रहमान का संगीत तो हिट हुआ, लेकिन फिल्म नहीं चली.

इसके बाद लीड रोल वाली आंखों में तुम हो (1997), इसकी टोपी उसके सर (1998) और मधुर भंडारकर की त्रिशक्ति (1999) भी एक के बाद एक नाकाम रहीं.