आज की जीवनशैली में लंबे समय तक बैठकर काम करना हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। ऑफिस में लगातार आठ से नौ घंटे कंप्यूटर के सामने बैठना, घर लौटकर मोबाइल या टीवी देखना और शारीरिक गतिविधियों के लिए समय न निकालना धीरे-धीरे सेहत पर असर डाल सकता है। डॉ. अरविंद डंबालकर (सीनियर कंसल्टेंट और हेड – इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी, सर्वोदय अस्पताल, फरीदाबाद) कहते हैं कि लंबे समय तक बैठे रहने से वजन बढ़ने, मांसपेशियों में कमजोरी, कमर और गर्दन में दर्द, ब्लड शुगर के असंतुलन और हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वॉकिंग पैड, स्टैंडिंग डेस्क या नियमित जिम जाना इस समस्या का सबसे बेहतर समाधान है?

स्टैंडिंग डेस्क क्या वास्तव में बेहतर विकल्प है?

स्टैंडिंग डेस्क उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिन्हें काम के कारण लंबे समय तक एक ही जगह बैठना पड़ता है। इसकी मदद से व्यक्ति बीच-बीच में खड़े होकर काम कर सकता है, जिससे लगातार बैठने का समय कम होता है। हालांकि, पूरे दिन खड़े रहना भी शरीर के लिए सही नहीं है। इससे पैरों में दर्द, सूजन और कमर पर दबाव पड़ सकता है। इसलिए बैठने और खड़े होने के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। हर 30 से 45 मिनट में अपनी पोजीशन बदलना एक अच्छी आदत हो सकती है।
काम के साथ वॉकिंग पैड कैसे फायदेमंद हो सकता है?


वॉकिंग पैड उन लोगों के लिए एक सुविधाजनक विकल्प है, जो ऑफिस या घर से काम करते हुए अपनी शारीरिक गतिविधि बढ़ाना चाहते हैं। हल्की गति से चलते हुए ईमेल पढ़ना, फोन पर बात करना या सामान्य काम करना संभव हो सकता है। इससे रोजाना कदमों की संख्या बढ़ाने और लंबे समय तक बैठे रहने को कम करने में मदद मिलती है।

हालांकि, वॉकिंग पैड पर चलना हर तरह के काम के लिए उपयुक्त नहीं है। ऐसे काम जिनमें अधिक एकाग्रता, सटीकता या लगातार टाइपिंग की जरूरत होती है, उनके दौरान इसका इस्तेमाल असुविधाजनक हो सकता है। इसके अलावा, वॉकिंग पैड नियमित व्यायाम या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का विकल्प नहीं है।

जिम और नियमित एक्सरसाइज का क्या महत्व होता है?


अगर इन तीनों विकल्पों की तुलना की जाए, तो नियमित शारीरिक व्यायाम के फायदे सबसे अधिक दिखाई देते हैं। जिम में कार्डियो, वेट ट्रेनिंग और स्ट्रेंथ एक्सरसाइज के जरिए मांसपेशियों को मजबूत बनाने, हृदय की कार्यक्षमता सुधारने और मेटाबॉलिक हेल्थ को बेहतर रखने में मदद मिलती है। नियमित व्यायाम से वजन और ब्लड शुगर नियंत्रित रखने में भी सहायता मिल सकती है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वयस्कों को सप्ताह में 150 से 300 मिनट की मध्यम तीव्रता वाली एरोबिक एक्टिविटी या 75 से 150 मिनट की तेज तीव्रता वाली गतिविधि करनी चाहिए। इसके साथ सप्ताह में कम से कम दो दिन मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज भी जरूरी हैं।

लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है कि रोजाना एक घंटे जिम जाने के बावजूद यदि कोई व्यक्ति बाकी आठ से दस घंटे लगातार बैठा रहता है, तो केवल जिम करना लंबे समय तक बैठे रहने के नुकसान को पूरी तरह खत्म नहीं कर सकता।

लोगों के लिए सबसे बेहतर विकल्प क्या हो सकता है?

डॉक्टर के अनुसार वॉकिंग पैड, स्टैंडिंग डेस्क और जिम को एक-दूसरे का विकल्प मानने के बजाय इन्हें एक-दूसरे का पूरक समझना चाहिए। स्टैंडिंग डेस्क बैठने की अवधि कम करने में मदद करती है, वॉकिंग पैड दिनभर एक्टिव बनाए रखने का एक तरीका है और नियमित व्यायाम शरीर की ताकत, सहनशक्ति और हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है।

एक स्वस्थ दिनचर्या के लिए हर 30 से 60 मिनट में अपनी सीट से उठकर कुछ मिनट चलना, लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करना, फोन पर बात करते समय टहलना और दिन में नियमित रूप से स्ट्रेचिंग करना फायदेमंद हो सकता है।

आखिरकार, सेहत का सवाल केवल इस बात पर निर्भर नहीं करता कि आप रोज कितनी देर जिम जाते हैं, बल्कि इस पर भी निर्भर करता है कि दिन के बाकी घंटों में आपका शरीर कितना सक्रिय रहता है। सबसे प्रभावी तरीका है लंबे समय तक बैठे रहने से बचना, दिनभर गतिविधियों को शामिल करना और नियमित व्यायाम को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना।