मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता अजय सिंह 'राहुल भैया' की तस्वीर को लेकर सियासत तेज हो गई है। दरअसल, CEC ज्ञानेश कुमार 23 नवंबर को भोपाल में एक निजी फंक्शन में शामिल हुए थे। इस दौरान एमपी कांग्रेस के सीनियर नेता और विधायक अजय सिंह 'राहुल भैया' ने मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं जिसे लेकर अब बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और स्थानीय नेताओं के रुख में विरोधाभास का आरोप लगाते हुए बीजेपी प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने कहा कि CEC के साथ तस्वीरें सामने आने के बाद अब सबकुछ साफ हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के 23 नवंबर को भोपाल में एक निजी वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। इस कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक अजय सिंह 'राहुल भैया' ने मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बता दें कि ये घटना ऐसे समय में सामने आई जब राहुल गांधी बीते कुछ समय से CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैें।
भाजपा ने क्या कहा?
सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आने के बाद भाजपा प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। केसवानी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस भोपाल दौरे से 'दूध का दूध और पानी का पानी' हो गया है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और स्थानीय नेताओं के रुख में विरोधाभास का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त का विरोध करते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।
पूर्व सीएम के बेटे हैं अजय सिंह
उल्लेखनीय है कि ज्ञानेश कुमार 23 नवंबर को एक पारिवारिक एवं निजी शादी कार्यक्रम में शिरकत करने राजधानी भोपाल पहुंचे थे। समारोह में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों के लोग भी मौजूद थे। कांग्रेस नेता द्वारा शिष्टाचार भेंट की तस्वीरें साझा किए जाने के बाद इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। गौरतलब है अजय सिंह राहुल भैया मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता अर्जुन सिंह के सुपुत्र हैं।