पंजाबी सिंगर सतिंदर सरताज का गाना 'गुजारिश' इन दिनों यूट्यूब ग्लोबल चार्ट में टॉप पर पहुंच गया है। ये गाना लोगों के दिलों पर छाया हुआ है। इस गाने को लोगों ने खूब पसंद किया है और अब ये यूट्यूब के ग्लोबल चार्ट में पहले नंबर पर पहुंच गया है। खास बात ये है कि वीडियो रिलीज होने के करीब दो महीने में ही इस गाने को करीब 109 मिलियन से अधिक देखा गया है। इंस्टाग्राम पर भी इस गाने की खूब चर्चा हो रही है और लोग इस पर लगातार रील्स भी बना रहे हैं।
आजकल के नए और तेज म्यूजिक वाले गाने लोग खूब सुना करते हैं वहीं सतिंदर सरताज का सूफी अंदाज लोगों को एक अलग सुकून दे रहा है। उनकी आवाज, खूबसूरत शायरी और दिल को छू लेने वाली धुन ने ऑडियंस पर खास असर छोड़ा है। यही वजह है कि यह गाना हर उम्र के लोगों को पसंद आ रहा है।
'गुजारिश' गाना साल 2015 में आया था, वीडियो अब रिलीज
बता दें कि 'गुजारिश' गाना साल 2015 में आया था, लेकिन इसका वीडियो करीब दो महीने पहले रिलीज किया गया। वीडियो सामने आते ही गाने की लोकप्रियता तेजी से बढ़ने लगी और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर छा गया। इस गाने में एक प्रेमी अपनी प्रेमिका की तारीफ में करते हुए बड़े ही खूबसूरत लफ्जों में अपने दिल की बातें कहता है।
सतिंदर सरताज ने ही इसे गााना है और इसके बोल भी लिखे हैं
इस गाने की एक खास बात यह भी है कि इसे सिर्फ सतिंदर सरताज ने अपनी आवाज ही नहीं दी है, बल्कि इसके बोल भी उन्होंने खुद लिखे हैं। इसका संगीत भी तैयार किया है। गोल्डी सोहल ने गाने का म्यूजिक प्रोडक्शन किया है। इसे टी-सीरीज के बैनर तले रिलीज किया गया है।
सूफी रंग और मोहब्बत की गहराई साफ
गाने में प्यार को बेहद खूबसूरत और गहरे एहसास के साथ पेश किया गया है। इसके शब्दों में सूफी रंग और मोहब्बत की गहराई साफ नजर आती है।
पहले भी कई गानों से बना चुके हैं पहचान
सतिंदर सरताज पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उनके 'सज्जन राजी', 'उड़ारियां', 'मासूमियत', 'रंगरेज', 'जिंदगी की किताब' और 'हीर' जैसे गानों को भी लोगों ने खूब पसंद किया है। अब 'गुजारिश' की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अच्छे बोल और सुकून देने वाले संगीत की आज भी लोगों के दिलों में खास जगह है।
इसके लिरिक्स कुछ इस तरह से हैं-
गुल-कदमों में महकती सी दिल-काशी का ख्वाब है
नूर का ये शामियाना खूब है, नायाब है
नाजनीन ने रूह को नजरों से रोशन कर दिया
मेहरबानी, शुक्रिया, तस्लीम है, आदाब है
ख्वाब आंखों से हो चुकी है रवांगी
अभी बादलों पे छाएगी दीवानगी
हमें चिट्ठियां मिली हैं महताब से
कोई बच नहीं पाएगा शबाब से
आज आए हैं हुजूर बेनकाब से
लोगों ने कहा- ये न सुना तो समझिए क्या ही सुना
लोगों ने वीडियो सुनकर काफी तारीफ की है। एक ने कहा- इस गाने में अजीब सा सुकून है, जिसे-बार -बार सुन रहा हूं फिर भी कम लगता है। एक अन्य ने कहा- आजकल ऐसे गाने बनते ही कहां हैं, आपका शुक्रिया सरताज। वहीं एक अन्य ने कहा- ये न सुना तो समझिए क्या ही सुना।