'लापता लेडीज' फेम सतेंद्र सोनी ने डायरेक्टर और उनकी पत्नी पर किया केस, होटल में बंद कर पीटा, प्रताड़ित किया

Updated on 22-08-2026 12:38 PM
आमिर खान की फिल्म 'लापता लेडीज' में छोटू का किरदार निभाने वाले एक्टर सतेंद्र सोनी से जुड़े मारपीट मामले में एक अहम अपडेट सामने आया है। सतेंद्र सोनी ने डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह और उनकी पत्नी-एक्ट्रेस प्रगति चौहान के खिलाफ जीरो FIR दर्ज कराई है। मुंबई की ओशिवारा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

सतेंद्र सोनी ने आरोप लगाया है कि फिल्म 'पेड पालकी' की शूटिंग के दौरान उन्हें बकाया पैसे नहीं दिए गए। उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की गई। उन्हें डराया-धमकाया गया और गलत तरीके से बंधक बनाकर रखा गया। ये आरोप मध्य प्रदेश के मैहर में फिल्म की शूटिंग के दौरान जून में हुई एक घटना से जुड़े हैं। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स असोसिएशन (AICWA) ने भी इस मामले में सतेंद्र सोनी का समर्थन किया है।

बौनेपन का मजाक उड़ाया, बंधक बनाकर पीटा, जान से मारने की धमकी

सतेंद्र सोनी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके लुक और बौनेपन की वजह से उन्हें परेशान किया गया, जिसका उन पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से बुरा असर पड़ा। AICWA ने सतेंद्र सोनी और एक्टर श्रीधर दुबे को सपोर्ट किया है और X पर अपने बयान में लिखा कि 'पेड पालकी' की शूटिंग के दौरान सोनी और श्रीधर दुबे के साथ बेरहमी से हुई मारपीट, जबरदस्ती बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी, डराने-धमकाने और बकाया पैसे न देने के आरोपों के मामले में असोसिएशन ने उन्हें पूरी मदद, सहयोग और मार्गदर्शन दिया था। असोसिएशन के मुताबिक, AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने इस मामले को उठाया और अधिकारियों से संपर्क करने से पहले दोनों एक्टर्स के संपर्क में रहे।

AICWA ने सतेंद्र सोनी को किया सपोर्ट

20 अगस्त, 2026 को मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में पुष्पेंद्र सिंह और प्रगति चौहान के खिलाफ FIR दर्ज की गई। AICWA का कहना है कि वह इन आरोपों को बहुत गंभीर मानता है क्योंकि सोनी एक जाने-माने एक्टर हैं, जिन्होंने 'लापता लेडीज़' जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया है और वह आने वाली सीरीज 'मिर्जापुर' से भी जुड़े हैं।

FIR में सतेंद्र सोनी ने लगाए ये आरोप

वहीं, सतेंद्र सोनी ने दर्ज एफआईआर में खुद को एक स्ट्रगलिंग एक्टर बताया और कहा कि सिर्फ एक्टिंग ही उनकी कमाई का जरिया है। उन्हें ड्वार्फिजम है। सोनी ने बताया कि पुष्पेंद्र सिंह से उनकी मुलाकात पहली बार करीब डेढ़ साल पहले हुई थी, जब उन्होंने उन्हें 'शुभ संदेश' नाम की एक फिल्म में एक रोल ऑफर किया था। बाद में यह फिल्म बंद हो गई। उनकी शिकायत के मुताबिक, पुष्पेंद्र सिंह ने 1 अप्रैल, 2026 को उनसे दोबारा संपर्क किया और बताया कि प्रोजेक्ट का नाम बदलकर 'पेड पालकी' कर दिया गया है और इसकी शूटिंग शुरू होने वाली है।

तय फीस नहीं दी गई, शूटिंग लोकेशन पर दिक्कतें

सोनी का दावा है कि उन्हें फिल्म के लिए 30,000 रुपये प्रति दिन की फीस पर फाइनल किया गया था और कुल पेमेंट 3 लाख रुपये तय हुई थी। आरोप है कि उन्हें एडवांस के तौर पर 50,000 रुपये मिले और बताया गया कि बाकी रकम शूटिंग के दौरान किश्तों में दी जाएगी। हालांकि, उनका आरोप है कि मध्य प्रदेश में शूटिंग लोकेशन पर पहुंचने के बाद पेमेंट से जुड़ी दिक्कतें शुरू हो गईं। सोनी ने यह भी दावा किया कि सेट पर जरूरी सुविधाओं की कमी थी। शुरू में एक्टर्स के लिए कोई वैनिटी वैन नहीं थी और बाद में जो वैनिटी वैन का इंतजाम किया गया, उसे पूरी कास्ट को शेयर करना पड़ा।

बौनेपन का मजाक उड़ाया, गोद में उठाकर तस्वीरें लेते

सतेंद्र सोनी ने यह भी आरोप लगाया है कि शूटिंग के दौरान उन्हें अपने लुक और बौनेपन की वजह से मजाक का सामना करना पड़ा। उनकी शिकायत के मुताबिक, सेट पर मौजूद स्थानीय लोग उन्हें बिना उनकी मर्जी के उठा लेते थे और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते थे। उन्होंने आरोप लगाया, 'सेट पर लोग मुझे उठाने और मेरे साथ तस्वीरें लेने की कोशिश करते थे। प्रोडक्शन टीम ने मेरी सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा।' सोनी का दावा है कि उन्होंने इसे लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया।

डायरेक्टर की पत्नी ने बदसलूकी की, सोनी को पैनिक अटैक

सतेंद्र सोनी ने बताया कि इस मुद्दे पर असिस्टेंट डायरेक्टर राजा चौधरी ने प्रगति चौहान के साथ बात की थी। लेकिन प्रगति ने सतेंद्र सोनी के साथ बदसलूकी की और उनका बकाया पेमेंट करने से इनकार कर दिया। वह बोले, 'उन्होंने मुझे बौना कहा, मेरे साथ बदसलूकी की और मेरा पेमेंट करने से मना कर दिया। इससे मुझे पैनिक अटैक आ गया। मैं कांप रहा था, लेकिन कोई मेरी मदद के लिए नहीं आया। वहां कोई मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं थी। खाना बासी था।' सतेंद्र सोनी ने यह भी कहा कि उन्होंने लगभग 16 घंटे काम किया और खाने के लिए सिर्फ एक समोसा मिला।

या तो कमरा खाली नहीं तो पीटने की धमकी

सोनी ने धमकी और मारपीट का आरोप भी लगाया है। सोनी का कहना है कि उन्होंने आखिरकार सीधे पुष्पेंद्र सिंह के सामने अपनी बात रखने की कोशिश की। उन्होंने कहा, 'मैं इस बारे में डायरेक्टर से बात करना चाहता था। उन्होंने मुझे फोन तो किया, लेकिन धमकी दी कि या तो फिल्म पूरी करूं या 10 मिनट के अंदर होटल का कमरा खाली कर दूं। उन्होंने मुझे पीटने की धमकी भी दी।'

डायरेक्टर की पत्नी ने जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी

सतेंद्र सोनी ने आगे आरोप लगाया कि प्रगति चौहान ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने और श्रीधर दुबे ने फिल्म छोड़ने का फैसला किया, जिसके बाद उस कपल ने कथित तौर पर उन पर हमला किया। सोनी की शिकायत के मुताबिक, पुष्पेंद्र ने कथित तौर पर आत्महत्या करने और सुसाइड नोट में उनके नाम लिखने की धमकी भी दी, जबकि प्रगति ने उन्हें झूठे कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी दी। तब सतेंद्र सोनी और दुबे ने पुलिस से संपर्क किया।

इन धाराओं में केस दर्ज, AICWA की निष्पक्ष जांच की मांग

अब पुष्पेंद्र सिंह और प्रगति चौहान के खिलाफ FIR में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं - जैसे 115(2), 127(3), 3(5), 351(2) और 352 - का इस्तेमाल किया गया है। ये धाराएं जान-बूझकर चोट पहुंचाने, गलत तरीके से बंधक बनाने, मिली-जुली मंशा, आपराधिक धमकी और जान-बूझकर अपमान करने जैसे आरोपों से जुड़ी हैं। AICWA ने FIR दर्ज होने का स्वागत किया और मांग की कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी दबाव या प्रभाव के की जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं और गवाहों के लिए उचित सुरक्षा की भी मांग की।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 22 August 2026
रामानंद सागर के मशहूर टीवी शो 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर सुनील लहरी अक्सर देश-दुनिया की बातें करते रहते हैं। वो भारत की…
 22 August 2026
'कौन बनेगा करोड़पति 18' में हालिया एपिसोड में IIT-बॉम्बे टॉपर रहे 23 साल के योगेश साहू नजर आए। अपने गेम और टैलेंट से अमिताभ बच्चन को प्रभावित करते हुए योगेश…
 22 August 2026
KGF 2 की ब्‍लॉकबस्‍टर सफलता के बाद सुपरस्टार यश की पैन-इंडिया फ‍िल्म 'टॉक्सिक' की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी। 26 अगस्‍त को रिलीज से 5 दिन पहले शुक्रवार 21 अगस्‍त…
 22 August 2026
गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते में चल रही खटास में हाल ही तब नया तड़का देखने को मिला, जब सुनीता ने दावा किया कि गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार…
 22 August 2026
गोविंदा की भांजी और एक्ट्रेस आरती सिंह ने उनकी और मामी सुनीता आहूजा के बीच चल रहे विवाद पर रिएक्ट किया है। हाल ही सुनीता ने गोविंदा संग तलाक का…
 22 August 2026
आमिर खान की फिल्म 'लापता लेडीज' में छोटू का किरदार निभाने वाले एक्टर सतेंद्र सोनी से जुड़े मारपीट मामले में एक अहम अपडेट सामने आया है। सतेंद्र सोनी ने डायरेक्टर…
 13 August 2026
नितेश तिवारी की 4000 करोड़ी 'रामायणम्' ट्रेलर रिलीज के वक्त से ही लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म में रणबीर कपूर मर्यादा पुरुषोत्तम राम तो बने ही हैं, उसके अलावा उनके…
 13 August 2026
सीनियर एक्टर नसीरुद्दीन शाह के स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर बॉलीवुड की चुप्पी पर सवाल उठाने के कुछ दिनों बाद कंगना रनौत ने उन पर पलटवार किया है। इससे पहले सोशल मीडिया…
 13 August 2026
कुमार सानू का 90 के दशक में खूब जलवा था, और वह हाइएस्ट पेड सिंगर्स में शुमार थे। उन्होंने देश-विदेश में खूब शोज किए और आज भी उनकी जबरदस्त फैन…
Advt.