वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर सख्त बयानबाजी की है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत चल रही है लेकिन अगर कोई समझौता नहीं होता है तो नए साल के बाद (2027 में) वे ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले फिर से शुरू कर सकते हैं। ट्रंप ने ईरानी नेवी को होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ने पर भी हमले की धमकी दी है। ट्रंप का यह बयान उन रिपोर्ट के बीच आया है, जो बताती हैं कि इजरायल की ओर से अमेरिका पर ईरान के खिलाफ युद्ध छेड़ने का दवाब बनाया जा रहा है। इससे पश्चिम एशिया में फिर से टकराव बढ़ने का अंदेशा है क्योंकि ईरान ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी हमले का बेहद सख्त जवाब देगा।
फॉक्स न्यूज के साथ बातचीत में रविवार को ट्रंप ने माना है कि वॉशिंगटन-तेहरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत जारी है। हालांकि उन्होंने तेहरान के बातचीत करने के तरीकों पर निराशा जताते हुए ईरानियों को प्रोफेशनल टैप डांसर (बातों को घुमा-फिरा कर टालने वाले) बताया। ट्रंप ने कहा कि ईरानी बातचीत तो करते हैं लेकिन किसी समझौते की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं करते। वे बस बातें घुमाते रहते हैं।
ईरान में फिर छिड़ेगा युद्ध!
ट्रंप की टिप्पणियों से पता चलता है कि ईरान में युद्ध का खतरा बरकरार है। अगर इस साल के आखिर तक राजनयिक प्रयास विफल हो जाते हैं तो ट्रंप प्रशासन बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई की ओर वापस लौटने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। ट्रंप ने ये भी कहा है कि वे एक ऐसा समझौता चाहते हैं जो भविष्य के अमेरिकी प्रशासनों के दौरान भी प्रभावी बना रहे।
डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि ईरान के साथ होने वाले किसी भी समझौते में यह पक्का होना चाहिए कि तेहरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल ना कर सके। ट्रंप ने अपने हालिया बयानों में ईरान सत्ता परितवर्तन (रिजीम चेंज) की अपनी पुरानी मांग को छोड़ने का संकेत दिया है। हालांकि होर्मुज स्ट्रेट समेत कई मुद्दों पर दोनों पक्ष एकराय नहीं है।
ट्रंप की ईरानी जहाजों को चेतावनी
ट्रंप ने तेहरान को ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को चुनौती देने के प्रति भी आगाह किया है। ईरानी सरकारी मीडिया ने कहा है कि उनके देश के जहाज अमेरिकी नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर सकते हैं। यह नाकेबंदी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास है, जो ईरान को तेल बेचने से रोकने के लिए है।
ट्रंप ने इस पर कहा, 'मुझे लगता है कि जब वे ऐसा करेंगे तो अपनी बाकी नौसेना की तरह समुद्र की तलहटी में होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि ईरानी जहाज नाकेबंदी का उल्लंघन करने की कोशिश करते हैं तो अमेरिकी सेना उन पर गोलीबारी करेगी। उनका बयान ऐसे समय आया है, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास तेल टैंकरों पर ईरानी हमले जारी हैं।
अमेरिका-ईरान में तनाव
इस साल 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिकी सेना ने ईरान पर हवाई हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशें में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस लड़ाई से अरब जगत और दुनिया का बड़ा हिस्सा प्रभावित है। बीते कुछ महीनों से दोनों देशों में लड़ाई रुकी हुई है लेकिन कोई ठोस समझौता ना होने से जंग का अंदेशा बरकरार है।